सुनकिया के चंदन सिंह को मिला देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार

देहरादून/धारी। धारी ब्लाक के सुनकिया गाँव निवासी चंदन सिंह को वर्ष 2020-21 के लिए एथलेटिक्स में उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने के लिए देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा गया है। चंदन की इस उपलब्धि पर उनके गाँव सुनकिया के साथ ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

ग्राम प्रधान सुनकिया गंगा सिंह डंगवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोभन सिंह डंगवाल और सामाजिक कार्यकर्त्ता नैन सिंह डंगवाल ने दी शुभकामनाऐं

वहीं ग्राम प्रधान सुनकिया गंगा सिंह डंगवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोभन सिंह डंगवाल और सामाजिक कार्यकर्त्ता नैन सिंह डंगवाल ने शुभकामनाऐं प्रेषित करते हुये कहा कि चंदन को प्राप्त खेल रत्न पुरस्कार और खेलों के क्षेत्र में उनकी उपलब्धि से हमारे गाँव और सम्पूर्ण क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

चंदन ने मुख्यमंत्री धामी, उत्तराखण्ड खेल विभाग एवं सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया

हमने इस अवसर पर चंदन से बात की, बातचीत के दौरान चंदन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखण्ड खेल विभाग एवं उत्तराखण्ड सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुये कहा कि राज्य में खिलाडियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार का यह प्रयास सराहनीय है, इससे राज्य के युवाओं व बच्चों को खेलों के क्षेत्र में जाने की प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीण पर्वतीय क्षेत्र के बच्चों के माता पिता अपने बच्चों को खेलों के क्षेत्र में जाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

चंदन 2004 में भारतीय सेना में भर्ती हुये। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्होंने सेना से ही खेलों के क्षेत्र में कदम रखा। वह वॉक रेस के खिलाड़ी हैं और अभी तक 25 से अधिक राष्ट्रीय व 15 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर वॉक रेस में मेडल प्राप्त कर चुके हैं।

शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ खेल पुरस्कार समारोह

शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में खेल विभाग की ओर से आयोजित खेल पुरस्कार समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एथलीट चंदन सिंह के साथ ही भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न, बैडमिंटन प्रशिक्षक धीरेन्द्र कुमार सेन, ताईक्वांडो प्रशिक्षक कमलेश कुमार तिवारी व तीरंदाजी प्रशिक्षक संदीप कुमार डुकलान को देवभूमि उत्तराखण्ड द्रोणाचार्य पुरस्कार से और सुरेश चन्द्र पांडे को एथलेटिक्स खेल में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से पुरस्कृत किया।

पुरस्कार समारोह में सीएम धामी ने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं, इसके लिए सरकार ने सरकारी नौकरियों में खेल कोटे को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है।


श्री धामी ने कहा कि हमारे युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत, शक्तिशाली भारत और समृद्धशाली भारत का निर्माण हो रहा है। खेलों के क्षेत्र में भी भारत का मान सम्मान बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी खेल का मैदान हो, आज भारत का तिरंगा शान से लहराता हुआ दिखता है।

पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के आदेश जल्दी- खेल मंत्री

वहीं खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा, कि पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के आदेश जल्दी ही दिये जायेंगे। वहीं राज्य में खेल कोटे के तहत खिलाडियों को चार प्रतिशत आरक्षण देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आउट ऑफ टर्न नियुक्ति का आदेश होने से ओलंपिक में पदक विजेता खिलाड़ी सीधे डीएसपी या सहायक निदेशक बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस साल के अंत तक या फिर अगले साल तक इस पर आदेश जारी हो जाएगा।

हल्द्वानी में जल्दी ही खेल विश्वविद्यालय वजूद में आयेगा

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से नई खेल नीति बनाई गई है। इस नीति में पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने पर पुरस्कार की धनराशि 30 से 100 प्रतिशत तक बढ़ाई गई है। राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हल्द्वानी में जल्दी ही खेल विश्वविद्यालय वजूद में आयेगा। खेल मंत्री ने कहा, अगले साल उत्तराखण्ड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना हमारे लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर मुक्तेश्वर होटल एसोसिएशन के देवेन्द्र बिष्ट और विक्रम बिष्ट ने भी चंदन को बधाई प्रेषित की है।

Leave a Comment